कमाई वाली मंडियों में अब रखे जाएंगे सुरक्षा गार्ड

कमाई वाली मंडियों में अब रखे जाएंगे सुरक्षा गार्ड

भोपाल। प्रदेश की कमाई वाली अनाज मंडियों में अब सुरक्षा गार्ड रखे जाएंगे। मप्र राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा मंडियों की जरूरत के अनुसार कर्मचारियों की सूची मंगवाई गई है। सूची मंगवाने के बाद निविदा आमंत्रित की जाएगी। प्रदेश की कई मंडियों में चोरी की घटनाएं होने के मामले सामने आ रहे हैं। चोरी की घटनाएं लगातार बढऩे के बाद मंडी बोर्ड भी सजग हुआ है।

उधर, व्यापारियों ने मंडियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए प्रदेश के कृषि मंत्री मंत्री कमल पटेल से मांग की थी। इसके बाद मंडी बोर्ड द्वारा कर्मचारियों की जरूरत की सूची मंडी से मंगाई गई है। मंडी बोर्ड द्वारा मंडी समितियोंं के प्रांगण, परिसर, कार्यालय सहित मानव संसाधन के लिए जहां जरूरत है उसकी सूची मंगवाई गई है। इसमें मंडी के बजट के साथ जरुरत की भी जानकारी मांगी गई है। मंडी बोर्ड निविदा के माध्यम से सुरक्षा अधिकारी, सुरक्षा गनमैन, सुरक्षा गार्ड, अंग्रेजी स्टेनोग्राफर, कम्प्यूटर टाइपिस्ट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर, इलेक्ट्रिशयन कम सहायक लाइनमैन, वाहन चालक, सफाई कर्मी, माली, भृत्य एवं अन्य मानव संसाधनों की नियुक्ति कर सकता है। सभी जानकारी भारसाधक अधिकारी से अनुमोदन करवाकर तत्काल आंचलिक कार्यालयों के माध्यम से भिजवाएंगे।