गांव की लायब्रेरी में किसानों को मिलेगा खेती किसानी का ज्ञान

गांव की लायब्रेरी में किसानों को मिलेगा खेती किसानी का ज्ञान

कृषि साहित्य से ज्ञानार्जन आयेगा किसानों के काम

khemraj mourya
शिवपुरी। कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा किसानों को हर समय सरल और सुलभ ज्ञान प्राप्त होता रहे। इसके लिए कोलारस ब्लाक के रामपुर गांव में संचालित कियोस्क सेन्टर पर कृषक पुस्तकालय खोला गया है। जहां आकर गांव के किसान, किसान महिलाएं, पशुपालक, ग्रामीण युवक एवं युवतियां खेतीबाड़ी से जुड़ी पुस्तकें कृषि पत्रिकाएं आदि कृषि साहित्य का लाभ उठा सकेंगे। जिससे किसानों को कृषि साहित्य से प्राप्त होने वाला ज्ञानार्जन खेती एवं पशुपालन आदि में काम आ सकेगा। 

देखने में आ रहा है कि इंटरनेट एवं वाट्सएप के प्रभाव के चलते आम लोगों में पढ़ने-लिखने में रूचि एवं प्रकाशित पुस्तकों से दूरी बनती जा रही है। आज कृषि, पशुपालन एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर किसानों के खेतीबाड़ी में उपयोगी जानकारी से संबंधित ज्ञान से परिपूर्ण पत्र-पत्रिकाएं एवं पुस्तकें प्रकाशित हो रही हैं लेकिन किसानों एवं ग्रामीणों में इनको पढ़कर जानकारी हासिल करने की रूचि कम ही दिखाई दे रही है। ऐसा इसलिए भी है क्योंकि ग्रामीण स्तर पर इन लोगों को ये पुस्तकें उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र शिवपुरी के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डा. एस.पी. सिंह के मार्गदर्शन में कोलारस ब्लाॅक के रामपुर गांव में ‘‘कृषि विज्ञान केन्द्र कृषक पुस्तकालय‘‘ खोलने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में डा. सिंह द्वारा बताया गया कि किसानों को कृषि साहित्य और खेतीबाड़ी से जुड़ी जानकारी हिन्दी में प्रकाशित पुस्तकों, पत्रिकाओं, पेम्पलेट्स आदि के माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध कराई जा सके। जिससे कृषि साहित्य से प्राप्त ज्ञानार्जन किसानों के काम आ सकेगा। 

कृषक पुस्तकालय के प्रभारी वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. एम.के. भार्गव ने बताया कि केन्द्र द्वारा प्रकाशित कृषि साहित्य एवं बाहर से आने वाली खेतीबाड़ी से जुड़ी पत्रिकाएं आदि को पुस्तकालय के माध्यम से किसानों को पढ़ने और उनसे लाभ उठाने के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केन्द्र के माध्यम से रामपुर कृषक पुस्तकालय में किसानों से जुड़े साहित्य को समय-समय पर उपलब्ध कराया जाता रहेगा। ग्रामीण युवाओं हेतु रोजगारमूलक उद्यमों के लिए विस्तृत जानकारी भी प्राप्त हो सकेगी। इस अवसर पर केन्द्र के वैज्ञानिक डाॅ. पुष्पेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे। ग्रामीण कृषक पुस्तकालय की सफलता से कृषि विज्ञान केन्द्र शिवपुरी द्वारा अन्य विकासखण्डों में भी इस अभिनव पहल की शुरूआत भविष्य में की जावेगी। कृषि विज्ञान केन्द्र के समस्त वैज्ञानिक डा. शैलेन्द्र सिंह कुशवाह, डा. जे.सी. गुप्ता, डा. ए.एल. बसेड़िया, डा. नीरज कुशवाह, शोध सहायक श्री विजय प्रताप सिंह भी इस पहल में अपने विषय से संबंधित समसामयिक जानकारी भी प्रसारित करेंगे।