जमीन पर गायब लाखों शौचालय, कागजों पर खुले में शौच मुक्त हो गया मप्र

जमीन पर गायब लाखों शौचालय, कागजों पर खुले में शौच मुक्त हो गया मप्र

540 करोड़ के शौचालय ही गायब, खुले में शौच करने को मजबूर लोग

प्रदेश में लाखों शौचालय उपयोग लायक नहीं

सरपंच और ग्राम सचिवों ने शौचालय में किया खूब खेल

अरविंद मिश्र 
भोपाल, मध्यप्रदेश खुले में शौच मुक्त राज्य है। यानी 100 फीसदी ओडीएफ। मप्र को ओडीएफ बनाने के लिए सरकार ने 97,60,574 घरों में शौचालय बनवाए हैं। लेकिन भ्रष्टाचार के कारण ये शौचालय कागजों में ही रह गए। प्रदेशभर में लाखों लोग आज भी खुले में शौच करने को मजबूर हैं। दरअसल, प्रदेशभर में जो शौचालय बनाए गए हैं या तो वे कागजों पर बने हैं या फिर गुणवत्ताहीन हैं। सरकार ने कई स्तरों पर इसकी जांच-पड़ताल भी की, लेकिन भ्रष्टाचारियों तक आंच नहीं पहुंची। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी। इसके लिए घर-घर शौचालय के जरिए स्वच्छता की योजना परवान चढऩी थी, मगर भ्रष्टाचार की गंदगी ने इसे भी गंदा कर डाला। भ्रष्टाचारियों ने गांव में शौचालय निर्माण की योजना को चूना लगा दिया। अब खुले में शौच मुक्त अभियान की सच्चाई खुलकर सामने आने लगी है। सरपंचों और ग्राम सचिवों ने शौचालय निर्माण में जमकर खेला किया।

सात साल में 96,60,574 शौचालय बनाए गए

मप्र में स्वच्छ भारत अभियान के तहत सात साल में 96,60,574 शौचालय बनाए गए हैं। इनमें से स्वच्छाग्रहियों की मदद से 62 लाख 78 हजार 514 घरों में शौचालय बनाए गए हैं। ये ऐसे घर थे, जिनमें रहने वाले सदस्य शौच के लिए खुले में जाते थे। वजह थी घर में शौचालय का नहीं होना। ऐसे 55 लाख 78 हजार 514 घरों में सरकार की मदद से शौचालय बनाए गए हैं। वहीं 7 लाख घरों में रहने वाले लोगों ने स्वेच्छा से शौचालय बनवाए हैं। लेकिन, हकीकत यह है कि आज लाखों शौचालयों का उपयोग नहीं किया जा रहा है। यही नहीं, प्रदेशभर में लाखों शौचालयों की स्थिति इतनी खराब है कि लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं।

बिना गड्ढे और सीट के बन गया शौचालय

प्रदेशभर में शौचालय निर्माण में जमकर घोटाले हुए हैं। न गड्ढा बनाया, न ही लगाई सीट, केवल दीवार खड़ी कर राशि आहरित कर ली गई है। राजधानी भोपाल, सीहोर, रायसेन, सतना, सीधी, बैतूल, सिंगरौली, खंडवा, बुरहानपुर सहित डेढ़ दर्जन जिलों की स्थिति का आंकलन करने के बाद यह पाया गया कि शौचालय निर्माण में जमकर भ्रष्टाचार किया गया है, जिसके कारण लोग खुले में शौच करने को मजबूर हो रहे हैं।

कोरोना काल में भी खुले में शौंच

कोरोना संक्रमणकाल में जब लॉकडाउन और कोरोना कफ्र्यू लगा था, उस दौरान भी लोग खुले में शौच करने को मजबूर थे। एक तरफ सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने खुले में थूकने के लिए प्रतिबंध लगाया है। वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों की खुले में शौंच के लिए जाना मजबूरी बनी हुई है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि लॉक डाउन के दौरान खुले में शौंच के लिए जाते समय कई बार पुलिस द्वारा गस्त के दौरान डंडे भी बरसाए गए। सीधी जिले की जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के मड़वा ग्राम पंचायत के लोगों ने शौंचालय निर्माण के नाम पर लाखों रुपए के घोटाले का आरोप लगाया।

कागज पर बने 4.5 लाख शौचालय

बैतूल में तो हैरान करने वाला मामला सामने आया। तस्वीरों और पेपर पर तो 4.5 लाख शौचालय दिख रहे हैं। लेकिन स्पॉट पर जाने पर एक भी नहीं दिखा है। ऐसे में सवाल है कि क्या वह वहां से पलायन कर गए या फिर कोई बड़ा घोटाला हुआ है। इसे बनाने में 540 करोड़ रुपए खर्च हुए थे। इन सभी जीपीएस टैग फोटो भी थे, मगर मौके पर कहीं दिखा नहीं। जांच में यह बात सामने आई है कि जिन जगहों पर टॉयलेट निर्माण की बात कहीं जा रही है, वहां एक भी टॉयलेट नहीं मिले हैं। हालांकि प्रशासन के पास सभी टॉयलेट्स की जीपीएस-टैग की गई तस्वीरें हैं। पूरे खुलासे के बाद सरकार उन पर खर्च किए गए पैसे वसूलने की तैयारी कर रही है।

इनका कहना है

स्वच्छ भारत अभियान के तहत मप्र में शौचालय निर्माण में अगर कहीं गड़बड़ी हुई है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर आपके पास कोई और कहीं की भी जानकारी हो तो शिकायत दर्ज कराइए। हम उसकी लोकायुक्त से जांच कराएंगे।
महेंद्र सिंह सिसोदिया, मंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग

वर्ष 2012 में प्रदेश में एक सर्वेक्षण किया गया था और राज्य में बिना शौचालय के 62 लाख से अधिक गरीबी रेखा वाले घरों की पहचान की गई थी। दो अक्टूबर 2018 को, इन सभी शौचालयों का निर्माण पूरा हो गया था। लेकिन पड़ताल में लगभग 4.5 लाख शौचालय गायब पाए गए। खुलासे के बाद सरकार उन पर खर्च किए गए पैसे वसूलने की तैयारी कर रही है।
अजीत तिवारी, उप निदेशक,स्वच्छ भारत मिशन, मप्र

जिलावार बने शौचालय

जिला   शौचालय
सतना   364319
रीवा   360214
छिंदवाड़ा   354471
धार   348325
बालाघाट   287669
सागर   283331
खरगोन   267415
सिवनी   254650
बैतूल   235584
शिवपुरी   221943
मंडला   220853
दमोह   220702
देवास   217222
छतरपुर   217183
उज्जैन   214061
सीहोर   213894
रायसेन   211583
खंडवा   204767
मंदसौर   201722
कटनी   200589
बड़वानी   199008
विदिशा  198885
जबलपुर  189881
नरसिंहपुर  189602
टीकमगढ़  188770
झाबुआ   188436
रतलाम   185774
भिंड   181694
होशंगाबाद  181524
राजगढ़   180953
सीधी   180429
मुरैना   164571
डिंडोरी   158514
इंदौर   157949
शहडोल   156814
शाजापुर   156499
पन्ना   153930
सिंगरौली   150973
गुना   145337
अनूपपुर   142095
बुरहानपुर  126252
अलीराजपुर  111682
उमरिया   111073
श्योपुर   101125
ग्वालियर   110278
अशोकनगर  103389
नीमच   99036
हरदा   93580
भोपाल   88840
दतिया   83710
आगर मालवा  79474
कुल   9660574