गांव हमारे देश की आत्मा

भोपाल। गांव हमारे देश की आत्मा हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आप सबके गांव में विकास यात्रा भेजी है। यह बात उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने कही। कुशवाह ने विकास यात्रा में ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बंधौली, मुगलपुरा, उदयपुर, करगवां व धनेली गांवों का भ्रमण किया। राज्य मंत्री कुशवाह ने विकास यात्रा में लगभग 7 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया।
विकास कार्यों में ग्राम धनेली में लगभग 2 करोड़ 44 लाख रुपए लागत के नवीन विद्युत उप केन्द्र, 27 लाख रूपये लागत की ग्वालियर-बेहट मेन रोड से बंधौली तक पक्की सड़क, ग्राम मुगलपुरा में एक करोड़ 36 लाख की, करगवां में 62 लाख और धनेली में 94 लाख लागत की नल-जल योजनाएं प्रमुख हैं। राज्य मंत्री ने यात्रा में गांवों में विभिन्न योजना में किए गए लाभान्वितों के नाम और गांव में किए गए विकास कार्यों की जानकारी का पत्रक प्रस्तुत किया। जानकारी के पत्रक (पर्चा) गांवा वालों को उपलब्ध कराते हुए उन्होंने कहा कि इसमें यदि कोई जानकारी गलत दी गई है, तो उन्हें अवगत कराएं।
मुझे भी दें जानकारी
मंत्री ने कहा कि हितग्राहियों की सूची में कोई व्यक्ति योजना का लाभ लेने से वंचित रहा है, तो उसकी भी जानकारी उन्हें दें। कुशवाह ने ग्राम बंधौली के ऐतिहासिक महादेव मंदिर का जीर्णोद्धार कराने की बात कही। जिला पंचायत ग्वालियर की अध्यक्ष दुर्गेश सिंह जाटव, जनपद पंचायत मुरार के अध्यक्ष दिलराज सिंह किरार सहित अन्य जन-प्रतिनिधि विकास यात्रा में उपस्थित रहे।