भोपाल की गौशाला से दो हजार गाय गायब

भोपाल की गौशाला से दो हजार गाय गायब

अंदर बीमार गायों का अंबार, बाहर कंकाल का लगा ढेर

भोपाल। राजधानी की सबसे बड़ी गौशाला से एक साल में 2131 गाय गायब हो गईं। नगर निगम और पशु पालन विभाग का सरकारी रिकॉर्ड यही बता रहा हैं। दरअसल, भोपाल नगर निगम शहर से जो भी गाय पकड़ता है, अधिकांश को भदभदा स्थित जीवदया गौशाला भेज देता है। गौशाला में जनवरी 2022 में 1961 गाय थीं। इसकी पुष्टि खुद विभाग ने की है। जबकि नगर निगम ने सालभर में यहां 2236 गाय भेजीं। इनमें से 116 गाय की मौत हो गई। मौजूद रिकॉर्ड के हिसाब से फिर भी गौशाला में 4081 होनी चाहिए थी, लेकिन यहां अभी 1950 गाय होना दर्ज है। फिर बाकी 2131 गाय कहां गायब हो गईं। जबकि गौशाला गायों की संख्या की जानकारी हर महीने पशु पालन विभाग को देती है।

मौके पर 500 गाय मिलीं

गायों की असल संख्या जानने के लिए जागत गांव हमार टीम भी गौशाला पहुंची। लेकिन यहां मौके पर 500 गाय ही मिलीं। जीवदया गौशाला के प्रबंधक से जब गायों के गायब होने का सवाल पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि गाय चरने के लिए जंगल जाती हैं। इनके साथ पांच कर्मचारी होते हैं, लेकिन कई बार वे सड़क पकड़कर निकल जाती हैं, इसलिए संख्या में अंतर हो सकता है।

अंदर का हाल डरावना 

गौशाला के अंदर का हाल डरावना था। यहां दो बाड़े बने हैं। दिनभर गायों को ओपन बाड़े में रखते हैं, जहां ट्रैक्टर से सूखी घास डाली जाती है। रात में इन्हें टीन शेड वाले बाड़े में रखा जाता है। ओपन बाड़े में गोबर का एक-एक फीट का कीचड़ भरा है। जहां गाय पानी पीती हैं, उस टंकी में कीड़े और काई जमी है। जगह-जगह पानी भरा हुआ था। 

हर दिन तीन की मौत

गौशाला के कर्मचारी ने बताया कि कई बार गाय पानी पी नहीं पातीं। भूख-प्यास से तड़पकर दम तोड़ देती हैं। बहुत बुरा लगता है, लेकिन हम क्या कर सकते हैं। गौशाला से 300 मीटर दूर गायों के अनगिनत कंकाल पड़े थे। यहां कंकाल से खाल उतार रहे दो कर्मचारियों ने बताया कि हर रोज दो से तीन गायों की मौत होती है। उनको यहां फेंका जाता है। हम उनकी खाल उतारने का काम करते हैं।

सही संख्या पता नहीं  

जीवदया गौशाला को मौजूदा गायों की संख्या के आधार पर ही सरकारी अनुदान मिलता है। इसके लिए गौशाला को हर महीने गायों की संख्या पशु पालन विभाग को बतानी होती है। विभाग ने हर गौशाला के लिए एक नोडल अधिकारी बनाया है। वही गायों की संख्या की पुष्टि करता है। गौशाला ने दिसंबर 2022 में 1950 गाय होने की जानकारी दी। जबकि अभी यहां सिर्फ 500 गाय हैं।

2022 में जीवदया गौशाला में गायों की संख्या

महीना गाय मौत निनि ने भेजी
जनवरी 1961 11 188
फरवरी 1961 08 36
मार्च 1942 12 165
अप्रैल 1947 00 149
मई 1930 08 172
जून 1941 09 136
जुलाई 1933 11 249
अगस्त 1560 09 272
सितंबर 1785 09 309
अक्टूबर 1580 18 192
नवंबर 1870 09 118
दिसंबर 1950 12 250
नोटे-जानकारी पशु पालन विभाग और निनि के मुताबिक।

इनका कहना है
गौशाला वाले जो संख्या भेजते हैं उसको नोडल अधिकारी सत्यापित करते हैं। जीवदया गौशाला में गायों की संख्या में अंतर आ रहा है तो टीम बनाकर जांच की जाएगी। 
-डॉ. अजय रामटेके, उपसंचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं

जीवदया गौशाला से न सिर्फ गायों की हड्डी और चमड़े का कारोबार किया जा रहा है, बल्कि यहां से गायों को बाहर बेचा भी जाता है। 
- गौरव मिश्रा, प्रदेशाध्यक्ष ,अभास गौरक्षा महाभियान समिति

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2, टवीटर, टवीटर 1, इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट