प्रदेश में रबी बोनी का लक्ष्य पूरा, अब तक 138.77 लाख हेक्टेयर में बोनी

प्रदेश में रबी बोनी का लक्ष्य पूरा, अब तक 138.77 लाख हेक्टेयर में बोनी

भोपाल । प्रदेश में अब तक 138.77 लाख हेक्टेयर में बोनी हो गई है जो लक्ष्य की तुलना में 99.9 फीसदी है। गत वर्ष इस अवधि में 131.06 लाख हेक्टेयर में बोनी कर ली गई थी। इस वर्ष राज्य में गेहूं का रकबा कम कर दलहनी एवं तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने पर जोर दिया गया था जिस कारण परिणाम भी सकारात्मक मिलने की उम्मीद है क्योंकि दलहनी एवं तिलहनी फसलें लक्ष्य के विरुद्ध क्रमश: 104.6 एवं 130.4 प्रतिशत अधिक रकबे में बोयी गई है। अब तक गेहूं की बोनी 90.76 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 93.65 लाख हेक्टेयर में गेहूं बोया गया था। इस प्रकार गेहूं की बोनी में लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 4 लाख हे. की कमी बनी हुई है।

गत वर्ष 135.33 लाख हेक्टेयर में बोनी की गई थी 
कृषि विभाग के मुताबिक प्रदेश में रबी फसलों का सामान्य क्षेत्र 107 लाख 33 हजार हेक्टेयर है। गत वर्ष 135.33 लाख हेक्टेयर में बोनी की गई थी जबकि इस वर्ष 138.89 लाख हेक्टेयर में रबी फसलें लेने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य में प्रमुख फसल चने की बोनी अब तक 24.94 लाख हेक्टेयर में हो गई है जो गत वर्ष समान अवधि में 21.60 लाख हे. में हुई थी। अन्य फसलों में अब तक मटर 2.45 लाख हे. में, मसूर 6.19 लाख हे. में बोई गई है।

सरसों की बोनी पिछले वर्ष की तुलना 3 लाख हेक्टेयर ज्यादा
राज्य की प्रमुख तिलहनी फसल सरसों की बोनी लक्ष्य 8.63 लाख हे. के विरुद्ध 11.61 लाख हे. में हो गई है। गत वर्ष इस समय तक 7.81 लाख हे. में बोनी हुई थी। वहीं अलसी की बोनी 1 लाख हेक्टेयर में हुई है।

इस वर्ष गन्ना 1.44 लाख हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 82 हजार हेक्टेयर में बोया गया है। प्रदेश में अब तक कुल अनाज फसलें 91.75 लाख हेक्टेयर में, दलहनी फसलें 33.58 लाख हे. में एवं तिलहनी फसलें 12.61 लाख हेक्टेयर में बोई गई हैं।

प्रदेश में रबी फसलों की बुवाई
7 जनवरी 2022 तक (लाख हे. में)

फसल लक्ष्य बुवाई
गेहूं 94.82 90.76
जौ 0.86 0.99
चना  24.31 24.94
मटर 2.33 2.45
मसूर 5.48 6.19
सरसों 8.63 11.61
अलसी  1.04 1
गन्ना 1.44 0.82