'सुपर ऐप' करेगा किसानों की हर समस्या का समाधान

'सुपर ऐप' करेगा किसानों की हर समस्या का समाधान

नई दिल्ली। किसानों के विकास और उनकी सहूलियत के लिए सरकार किसानों के लिए एक सुपर ऐप लॉन्च करने की योजना बना रही है। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के अधिकारी का कहना है कि इस ऐप में कई डिजिटल संस्थाएं और मौजूदा मोबाइल ऐप्स को भी शामिल किया जाएगा। इस तरह से यह ऐप एक तरह का प्लेटफार्म होगा, जहां एक ही छत के नीचे सभी तरह की समस्याओं के समाधान मिल सकेंगे। 

कृषि के हर क्षेत्र की मिलेगी जानकारी
यानी नए शोध से लेकर विकास, मौसम, बाजार अपडेट, उपलब्ध सेवाएं, सरकारी योजनाएं और जलवायु के क्षेत्र से जुड़ी हर जानकारी किसानों को एक ही ऐप के माध्यम से मिल सकेगी।

सेवाएं चुनने में मदद होगी
कृषि मंत्रालय किसान सुविधा, पूसा कृषि, एमकिसान, फार्म ओ पीडिया, क्रॉप इन्श्योरेंस एंड्राइड एप, एग्रीमार्केट, इफ्को किसान और आईसीएआर कृषि ज्ञान जैसे तमाम ऐप्स को एक साथ जोड़ने के बारे में विचार कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सुपर ऐप के तहत सारी ऐप्स के आ जाने से किसानों को सेवाएं चुनने में मदद होगी। इस ऐप को लाने का मकसद ही यही है कि किसानों को संबंधित ऐप को खोजने में आसानी रहे।

कुछ हफ्तों में लॉन्च हो सकता है सुपर ऐप  
हाल ही में कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने सुपर इस ऐप की प्रगति को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात की है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि अगले कुछ हफ्तों में ये सुपर ऐप लॉन्च हो सकता है। यही नहीं इस सुपर ऐप का इस्तेमाल किसानों को फसल उत्पादन और नई तकनीक के बारे में जानकारी देने में भी किया जाएगा। इस ऐप के जरिये वैज्ञानिक सीधे किसानों से संपर्क बना सकेंगे। इस तरह बाजार से लेकर फसल विकास तक सभी जानकारी किसानों की अंगुलियों पर होगी। उम्मीद है कि अब तक डिजिटल दुनिया से थोड़ा कम जुड़ा कृषि क्षेत्र भी इस ऐप के लांच होने के बाद आनेवाले समय में हाईटेक बन सकता है।